पटना/नई दिल्ली/23.07.19। वाटर ट्रीटमेंट के क्षेत्र में कार्य कर रही वीए टेक वाबाग को बिहार अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बूडको) से 1,187 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। चेन्नई की कंपनी वाबाग नेशनल मिशन फाॅर क्लीन गंगा (एमएमसीजी) के तहत पटना में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगायेगी। इसके लिए वर्ल्ड बैंक वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रहा है।
पटना के दीघा तथा कंकड़बाग क्षेत्रों में 450 किलोमीटर लंबा सीवेज नेटवर्क और 15 करोड़ लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला जल-मल शोधन संयंत्र कंपनी बनाएगी। अगले 15 वर्षों तक इस प्रोजेक्ट के संचालन एवं देखरेख की जिम्मेवारी भी वाबाग की होगी। पटना के पहाड़ी एवं करमलीचक में भी इसी प्राजेक्ट पर कंपनी काम कर रही है।
कंपनी के निदेशक वरदराजन एस. ने कहा कि बिहार में फिर से मिले इस ठेके के बाद अब वाबाग पटना के छह क्षेत्रों में से चार में ट्रीटमेंट प्लांट बनाएगी। जब ये परियोजनाएं तैयार हो जाएंगी, तो पटना की 50 प्रतिशत आबादी को इसका लाभ मिलेगा।