अगरतला/एजेंसी। त्रिपुरा में चाय उगाने वाले किसान अब महंगी और उत्कृष्ट किस्म की व्हाइट टी का बड़े स्तर पर उत्पादन शुरू करने वाले हैं। राज्य के 95 साल पुराने गोलोकपुर टी एस्टेट ने इस साल की शुरुआत में 10 हजार रुपये प्रति किलोग्राम व्हाइट टी बेचकर कीर्तिमान बनाया था।
एस्टेट के प्रबंधक प्रवीर डे ने बताया कि इस विशिष्ट किस्म की मांग लगातार बढ़ रही है। इस साल हमने 30 किलोग्राम व्हाइट टी का उत्पादन किया और उन्हें 10 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेंगलुरु के खुदरा विक्रेता टी बॉक्स को बेचा। बढ़ती मांग के कारण हमने इसका उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है। हालांकि इसके उत्पादन में काफी ध्यान देने की जरूरत है।
टी बोर्ड ऑफ इंडिया के सहायक निदेशक दिगंत बर्मन ने कहा कि इस साल राज्य में करीब 100 किलोग्राम व्हाइट टी का उत्पादन हुआ। त्रिपुरा 58 बागान से सालाना 90 लाख किलोग्राम से अधिक सामान्य चाय का उत्पादन करता है।