नई दिल्ली/पटना/ 30.07.19। बर्धमान स्टेशन का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव रेल मंत्रालय के पास नहीं है। वर्तमान व्यवस्था में भारतीय रेल के किसी स्टेशन के नाम बदलने का प्राधिकार गृह मंत्रालय के अधीन है।
राज्य सरकार की अनुशंसा के आधार पर गृह, रेल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत के महासर्वेक्षक और डाक विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने के बाद ही नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू होती है। रेल मंत्रालय का कहना है कि गृह मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए कोई पत्र नहीं मिला है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बर्धमान स्टेशन का नाम क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त के नाम पर करने की घोषणा पटना में की थी। बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि (20 जुलाई) पर वे पटना के जक्कनपुर में उस घर भी गये, जहां स्वतंत्रता आंदोलन के समय बटुकेश्वर रहे थे। अब इस आवास में उनकी बेटी भारती बागची रहती हैं। बटुकेश्वर का जन्म बर्धमान में हुआ था, लेकिन बाद में बिहार आ गये। देश की आजादी की लड़ाई में वे भगत सिंह के साथी थे।