पटना/01.08.19। राज्य में 15 दिवसीय वन महोत्सव की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में पौधारोपण कर की। इस अवसर पर जन जागरूकता से संबंधित एक टी शर्ट जारी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जन जागृति के लिए एक गीत एवं एक फिल्म प्रदर्शित कियेे गये। पशु विज्ञान विश्वविद्यालय एवं संजय गांधी जैविक उद्यान के बीच एक एमओयू भी हुआ।
डिप्टी सीएम सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का अकेला देश है, जहां पेड़-पौधे, नदी-तालाब, पशु-पक्षी व जीव-जंतुओं की पूजा की प्राचीन परंपरा है। मत्स्य पुराण की मान्यता है कि एक पेड़ दस पुत्रों के समान है। एक पेड़ वायु एवं जल प्रदूषण को कम करने के साथ हमें फल-फूल, छाया एवं ईंधन देता है।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार एवं प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पशु विज्ञान विवि के कुलपति रामेश्वर सिंह समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।