नई दिल्ली/एजेंसी। देश के दिग्गज उद्योगपतियों ने पूर्व विदेशी मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि सुषमा स्वराज के निधन से भारतीय राजनीति के शानदार अध्याय का अंत हो गया है। अपनी वाणी से जनता को मंत्रमुग्ध करने वाली तेजतर्रार वक्ता के रूप में जानी जाती थीं। संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में आतंकवाद पर भारत का पक्ष मजबूत किया था।
महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने अपने एक भावुक ट्वीट में कहा कि मदर इंडिया ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे ... आप अपने साथ एक अरब से ज्यादा लोगों का स्नेह और प्रेम रखती हैं। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने ट्वीट में कहा कि भारत ने एक महान नेता खो दिया है। देश के लिए आपका योगदान प्रेरणादायक है।
एसोचैम के अध्यक्ष बीके गोयनका ने सुषमा स्वराज को महान नेता बताया, जिन्होंने भारत के विदेश मंत्री के रूप में अपनी पेशेवर योग्यता और करुणा के साथ चरम गरिमा को जोड़ा। फिक्की के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने कहा कि भारत ने एक महान सांसद और आदर्श नेता खो दिया।
जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल ने ट्वीट में कहा कि सुषमा स्वराज जी एक शानदार वक्ता, मजबूत एवं निडर नेता और अत्याधिक परिश्रमी राजनेता थीं, जिन्होंने हमेशा देश की बेहतरी के लिए काम किया।
आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने कहा कि वह मेहनती, लोकप्रिय, बेहतरीन इंसान ,वाकपटु और विदेश में फंसे भारतीयों की रक्षक थीं। उनके विदेश मंत्री रहने के दौरान मेरी उनसे कई बार मुलाकात हुई। मैंने उन्हें सक्रिय और लोगों का ध्यान रखने वाला पाया। भारत का तिरंगा उनके दिल में बसता था।