मुख्य समाचार

रिलायंस की जियो गीगा फाइबर सेवा पांच सितंबर से

मुंबई/एजेंसी। रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो की ब्रॉडबैंड सेवा ‘जियो गीगा फाइबर’ लांच करने की घोषणा की है। सेवा पांच सितंबर से देश में शुरू होगी। कंपनी न्यूनतम 100 एमबीपीएस की इंटरनेट गति, आजीवन मुफ्त फोन कॉल, मुफ्त एचडी टीवी और डिश उपलब्ध कराएगी। इसके लिए न्यूनतम शुल्क 700 रुपये मासिक होगा। 

मुकेश अंबानी कंपनी की 42वीं वार्षिक आम सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जियो लैंड लाइन से 500 रुपये मासिक किराये पर अमेरिका और कनाडा में असीमित अंतरराष्ट्रीय फोन कॉल की भी पेशकश की। उन्होंने कहा जियो गीगा फाइबर के प्लान 700 रुपये मासिक से शुरू होकर 10,000 रुपये मासिक तक होंगे। 

2020 के मध्य तक जियो गीगा फाइबर के प्रीमियम ग्राहक घर बैठे फिल्म रिलीज के दिन ही उसे देख सकेंगे। इसे जियो ने ‘फर्स्ट डे फर्स्ट शो ’ नाम दिया है। जियो उपभोक्ताओं की संख्या तीन साल के अंदर ही 34 करोड़ हो गयी है। जियो का इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) प्लेटफॉर्म एक जनवरी, 2020 से व्यावसायिक तौर पर उपलब्ध होगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकासात्मक गतिविधियों के लिए एक विशेष कार्य बल का गठन करेगी। अंबानी ने कहा हम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों की सभी विकासात्मक जरूरतों में सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। रिलायंस ने पिछले पांच साल में अपने रसायन कारोबार और 4जी नेटवर्क को विकसित करने पर करीब 5.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है।

दूरसंचार इकाई जियो और खुदरा क्षेत्र इकाई रिलायंस रिटेल वैश्विक साझेदारियां करेंगी। पांच साल के अंदर दोनों कंपनियों को सूचीबद्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम इस साल शून्य ऋण वाली कंपनी होने का लक्ष्य पूरा कर लेंगे। वह अपने शेयर धारकों को विश्वास दिलाते हैं कि वह उन्हें ऊंचा लाभांश, समय-समय पर बोनस और अन्य लाभ उपलब्ध कराते रहेंगे। 

रिलायंस की सऊदी अरामको और ब्रिटिश पेट्रोलियम के साथ लेनदेन पूरा हो जाने की उम्मीद है। इससे कंपनी को 1.15 लाख करोड़ रुपये निवेश मिलने की उम्मीद है। करार से कंपनी पर कर्ज का बोझ कम होगा और अगले 18 माह में कंपनी को ऋणमुक्त बनाने में मदद मिलेगी। पिछले साल रिलायंस पर 1,54,478 करोड़ रुपये का शुद्ध ऋण था।
 


संबंधित खबरें