नई दिल्ली। वायुसेना के विंग कमांडर वर्तमान अभिनंदन वीर चक्र से सम्मानित किये गये हैं। इनके अलावा वायु सेना के सात अधिकारियों को वायु सेना मेडल एवं पांच को युद्ध सेवा मेडल मिला है। सभी ने बालाकोट एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया था। वीर चक्र युद्ध काल के दौरान अदम्य साहस के लिए दिया जाने वाला तीसरा पुरस्कार है। परमवीर और महावीर चक्र पहले और दूसरे स्थान पर है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। सेना के सुप्रीम कमांडर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सेना एवं पारा मिलिट्री फोर्स से 132 पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इनमें दो कीर्ति चक्र,एक वीर चक्र एवं 14 शौर्य चक्र सम्मान हैं।
पुलवामा आतंकी हमले के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक को अंजाम देने वाले विंग कमांडर वर्तमान अभिनंदन के हौसले को पूरा देश देख चुका है। इन्होंने पाकिस्तान के एफ 16 विमान को मार गिराया था। युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित स्क्वॉड्रन लीडर मिंटी अग्रवाल ने ऑपरेशन को कंट्रोल रूम से बखूबी निभाया था।

वायुसेना मेडल से सम्मानित होने वालों में ग्रुप कैप्टन सौमित्र तमस्कर, विंग कमांडर प्रणव राज व कमांडर अमित रंजन, स्क्वॉड्रन लीडर राहुल बसोय, पंकज अरविंद भुजडे, बी. कार्तिक नारायण रेड्डी और शशांक सिंह हैं। युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित एयर कमोडोर सुनील काशीनाथ, ग्रुप कैप्टन यशपाल सिंह नेगी, हेमंत कुमार, हेंसल जोसफ एवं मिंटी अग्रवाल हैं।
सभी बहादुर पायलट ने एक सटीक रणनीति के तहत पाकिस्तान के बालाकोट में 26 फरवरी 2019 को जैश ए मोहम्मद के ठिकानों को बर्बाद किया और सुरक्षित भारत लौट आये ।