पटना । 73 वें स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में आहूति देने वाले तमाम वीर सपूत एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनकी शहादत अमर है। उनके संघर्ष और कुर्बानी के कारण ही हमें आजादी का यह तोहफा मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच अपार स्नेह का त्योहार है। महिलाओं की सुरक्षा, अस्मिता, महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर महिलाओं को सम्मान दें। उन्होंने राज्य एवं देशवासियों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा एवं सहिष्णुता का वातावरण बनाये रखें। देश की आजादी को अक्षुण्ण रखें। प्रदेशवासी लगन एवं सेवा भाव से बिहार के विकास में अपना योगदान दें।