नई दिल्ली/30.08.19 । बिहार से संबंध रखने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी राजीव गौबा ने आज देश के कैबिनेट सचिव के शीर्षस्थ पद को संभाल लिया। पी.के.सिन्हा के कार्यकाल समापन के बाद वह इस पद पर आसीन हुए हैं।
वह 1982 बैच के झारखंड संवर्ग के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं। बिहार विभाजन से पहले गौबा बिहार के नालंदा, मुजफ्फरपुर एवं गया में डीएम एवं पटना के डीडीसी रह चुके हैं। उनकी शिक्षा पटना साइंस कॉलेज में हुई और वे फिजिक्स में गोल्ड मेडलिस्ट रहे।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में चार साल तक भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अनुच्छेद 370 को रद्द करने और जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के केंद्र सरकार के निर्णय को लागू करने में गौबा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है । झारखंड के मुख्य सचिव के कार्यकाल के दौरान इज ऑफ डूइंग बिजनेस की तालिका में झारखंड निचले पायदान से तीसरे स्थान पर पहुंच गया।