नई दिल्ली/30.08.19। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के 10 बैंकों को मर्ज करके चार बड़े बैंक बनाये जायेंगे। पंजाब नैशनल बैंक में ओरियेंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया का विलय होगा। विलय के बाद पंजाब नैशनल बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक और कारोबार 17.95 लाख करोड़ का होगा।
अर्थव्यवस्था की सुस्ती को दूर करने के लिए केंद्र सरकार लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इसी के तहत आज ये घोषनाएं की गईं। विलय के बाद सार्वजनिक क्षेत्र में 27 की जगह अब 12 बैंक होंगे। निर्मला सीतारमण ने कहा कि चार एनबीएफसी की लिक्विडिटी पर काम शुरू हो गया है। तीन लाख फर्जी कंपनियां बंद हो गई हैं।
केनरा बैंक और सिंडिकेट बैंक तथा यूनियन बैंक में आंध्रा बैंक और कॉरपोरेशन बैंक का विलय होगा। इंडियन बैंक और इलाहाबाद बैंक के विलय से यह सातवां सबसे बड़ा सरकारी बैंक होगा। बैंक ऑफ इंडिया और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पहले की तरह काम करते रहेंगे।
इससे पहले एसबीआई में उसके पांच सहयोगी बैंक और महिला बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा में विजया बैंक और देना बैंक का विलय हुआ था।