नई दिल्ली/एजेंसी। सीके बिड़ला समूह की कंपनी ओरिएंट इलेक्ट्रिक की बल्ब और ट्यूबलाइट को स्मार्ट बनाने की योजना है। कंपनी इसके तहत इंटरनेट आफ थिंग्स (आईओटी) पर आधारित उत्पाद पेश करेगी। कंपनी फिलहाल इस टेक्नोलाॅजी पर पंखे, कूलर और वाटर हीटर उपकरण बना रही है। ओरिएंट इलेक्ट्रिक ने ऐसे उपकरण बनाने वाली इटली की डी लोंगी ग्रुप के साथ भागीदारी की है। कंपनी की महंगे ब्रांड डी लोंगी, नीवुड और बरूण को महानगरों के अलावा मझोले शहरों में पेश करने की योजना है।
ओरिएंट इलेक्ट्रिक के सीईओ राकेश खन्ना ने कहा कि हम शीघ्र ही उपभोक्ता और वाणिज्यिक स्तर पर ट्यूबलाइट एवं बल्ब उत्पादों को स्मार्ट बनाएंगे। आने वाले समय में मौजूदा उत्पादों का दायरा बढ़ाएंगे। फिलहाल हमारा इरादा मौजूदा उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करने का है। आईओटी आधारित उत्पादों के मामले में पर्याप्त अवसर और संभावनाएं हैं।
कंपनी उपभोक्ता केंद्रित स्मार्ट उत्पाद बनाने के लिए स्थापित कंपनियों और नये स्टार्टअप के साथ काम कर रही है। वित्त वर्ष 2018-19 में ओरिएंटल इलेक्ट्रिक को 1864 करोड़ रुपये की आय हुई। आय में 71 फीसदी हिस्सा पंखे और होम एप्लायंस का जबकि लाइटिंग और स्वीच गियर का 29 फीसदी हिस्सा है।