पटना। राज्य सरकार ने मंगलवार को छह आईएएस का तबादला किया है जबकि दो को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सामान्य प्रशासन विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद का तबादला विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग में किया गया है। वे संसदीय कार्य विभाग के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर के पास सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार होगा।
बूडको के एमडी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को राज्य पथ परिवहन निगम का प्रशासक बनाया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक चंद्रशेखर सिंह को बूडको एवं आवास बोर्ड के एमडी की कमान दी गई है। वे मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव बने रहेंगे।
परिवहन सचिव संजय अग्रवाल पटना प्रमंडल के आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। पीएचईडी में विशेष सचिव प्रदीप झा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक बनाये गये हैं। वे पीएचईडी में विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की प्रधान सचिव हरजोत कौर बम्हरा को खान एवं भूतत्व विभाग की पूरी जिम्मेवारी दी गई है। राज्य योजना पर्षद में परामर्शी डाॅ दीपक प्रसाद को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में स्थानांतरित किया गया है।