पटना । बिहार की एक लोकसभा एवं पांच विधानसभा सीट के लिए 3258 मदान केंद्रों पर उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। समस्तीपुर लोकसभा, नाथनगर (भागलपुर), बेलहर (बांका), सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा), दरौंदा (सीवान) एवं किशनगंज विधानसभा सीट में मतदान का प्रतिशत 49.26 रहा। चुनाव में छह महिला समेत 51 प्रत्याशी थे। चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को आयेंगे।
किशनगंज में सर्वाधिक 59.18 प्रतिशत वोट पड़े। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में 45, नाथनगर में 43.20, बेलहर में 53.49, सिमरी बख्तियारपुर में 52.50 एवं दरौंदा में 42.20 प्रतिशत मतदान हुआ। जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास एवं एडीजी मुख्यालय जीतेंद्र कुमार ने दी।
लोकसभा चुनाव 2019 की तुलना में सभी सीटों पर मतदान का प्रतिशत कम रहा। लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर में 60.63, किशनगंज में 65.27, नाथनगर में 60.01, बेलहर में 59.27 एवं दरौंदा में 51.81 प्रतिशत वोट पड़े थे।
बांका में चुनाव के दौरान सेक्टर दंडाधिकारी की गाड़ी की ठोकर से आनंदपुर थाने की एक महिला मनिया देवी (45 वर्ष) की मौत घटना स्थल पर हो गई। वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रोसड़ा (समस्तीपुर) में सहियारडीह गांव के एक मतदान केंद्र में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया। करीब एक बजे मतदान शुरू हुआ।