मुख्य समाचार

राजकीय सम्मान के साथ होगा वशिष्ठ बाबू का अंतिम संस्कार

पटना/14.11.19। बिहार के महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव वसंतपुर (आरा) में कल होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुल्हड़िया काॅम्पलेक्स पहुंचकर वशिष्ठ बाबू को श्रद्धांजलि दी। सीएम ने उनके भाई अयोध्या सिंह, भतीजा राकेश कुमार सिंह सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। 

वशिष्ठ बाबू मानसिक बीमारी सिजोफ्रेनिया से लंबे समय से पीड़ित थे। आज सुबह उन्होंने पीएमसीएच में अंतिम सांस ली।   

सीएम ने कहा वशिष्ठ बाबू का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सरकार इस पर भी गंभीरता से विचार कर रही है कि उनका नाम सदैव लोग याद रखें। उन्होंने आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, राज्य एवं केंद्र सरकार के मंत्री, शिक्षा जगत से जुड़ीं हस्तियां समेत कई बुद्धिजीवियों ने निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। 

वशिष्ठ बाबू की उपलब्धियां : नेतरहाट प्रवेश एवं हायर सेकेंड्री की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान, पटना विश्वविद्यालय ने नियम में बदलाव कर एक साल में दी बीएससी  ऑनर्स की डिग्री, साइंटिस्ट प्रो  केली ने उनकी प्रतिभा देख अमेरिका भेजने का अनुरोध किया, बर्कले यूनिवर्सिटी में नामांकन लिया और नासा से जुड़े, कोलंबिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैथेमैटिक्स में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। 

आइंस्टीन की थ्योरी को वशिष्ठ बाबू ने चुनौती दी, भारत लौटने पर आईआईटी कानपुर में प्रोफेसर बने। 1974 से मानसिक बीमारी से ग्रस्त ।
 


संबंधित खबरें