पटना। गया कृषि विज्ञान केंद्र के आधारभूत संरचना निर्माण के लिए 2115 लाख राशि स्वीकृति की गई है। इस राशि से कृषि विज्ञान केंद्र में बीज के लिए गोदाम, कृषि यंत्रों के रख-रखाव के लिए भवन, वैज्ञानिकों के लिए आवास, परिसर में सड़क, प्रशिक्षण हाॅल, चहारदिवारी एवं सिंचाई संबंधी आधारभूत संरचना का निर्माण किया जायेगा। गया कृषि विज्ञान केंद्र बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के प्रशासनिक नियंत्रण में है।

कृषि विज्ञान केंद्र भारत सरकार की योजना है। इसके जरिये जिला स्तर पर कृषि अनुसंधान के साथ किसानों तक खेती की नई तकनीक पहुंचाई जाती है। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र को विकसित करने का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की नई तकनीक से अवगत कराने के लिए एक माॅडल के रूप में विकसित करना है। गया जिले में मौसम के अनुकूल कृषि कार्यों के लिए कार्य कराया जा रहा है।