मुख्य समाचार

काॅम्फेड को सर्वश्रेष्ठ स्टेट डेयरी फेडरेशन का पुरस्कार

पटना/नई दिल्ली। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (काॅम्फेड) को देश के सर्वश्रेष्ठ स्टेट डेयरी फेडरेशन का पुरस्कार मिला है। होटल ताज पैलेस में समारोह का आयोजन एग्रीकल्चर टूडे ग्रुप ने किया था। काॅम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव को सम्मान केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी सचिव अतुल चतुर्वेदी ने दिया। काॅम्फेड को पुरस्कार सुधा दूध उत्पादन, दूध उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री में शानदार प्रदर्शन के लिए मिला है। इंडिया डेयरी अवार्ड 2020 डेयरी क्षेत्र की 17 विभिन्न श्रेणियों के लिए था। 

केंद्रीय सचिव अतुल चतुर्वेदी ने इस मौके पर कहा कि डेयरी सेक्टर किसानों की आय दोगुना करनेे में मददगार होगा। साथ ही पांच ट्रिलियन डाॅलर की अर्थव्यवस्था बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। पूर्व पशुपालन सचिव तरूण श्रीधर एवं आईडीए के अध्यक्ष डाॅ जीए राजौरिया ने भी अपने विचारों को रखा। 

अवार्ड के लिए ज्यूरी में पशुपालन आयुक्त डाॅ प्रवीण मल्लिक, एएसआरबी के सदस्य डाॅ एके श्रीवास्तव, डीडीयू वेटनरी यूनिवर्सिटी के डाॅ केएमएल पाठक, आईसीएफए के अध्यक्ष डाॅ एजे खान, मिलिंडा एंड गेट्स फाउंडेशन की एग्रिकल्चर डायरेक्टर डाॅ पूर्वी मेहता एवं एग्रीकल्चर टूडे ग्रुप की सीईओ ममता जैन मौजूद थे।       
 


संबंधित खबरें