मुंबई/एजेंसी। शेयर बाजार एक फरवरी को बजट के दिन खुला रहेगा और इनमें सामान्य कामकाज होगा। एक फरवरी को शनिवार है। शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहते हैं। सिर्फ विशेष परिस्थितियों में इन दिनों में शेयर बाजार खुलते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को वित्त वर्ष 2020-21 का बजट पेश करेंगी।
बंबई शेयर बाजार (बीएसई) ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि एक फरवरी को शेयर बाजार में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। उस दिन शेयर बाजार सुबह 9 से 3.30 बजे तक खुले रहेंगे। इससे पहले 2015 में 28 फरवरी (शनिवार) को बजट के दिन शेयर बाजार खुले थे। उस समय तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट पेश किया था। वर्ष 2001 से बजट पेश होने का समय शाम के पांच बजे से बदलकर सुबह 11 बजे किया गया था। उसके बाद से शेयर बाजारों में बजट के दिन सामान्य समय के दौरान कारोबार होता है।