पटना। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की राष्ट्रीय गवर्निंग काउंसिल की बैठक पटना में पांच और छह मार्च को होगी। बैठक में वर्तमान आर्थिक एवं व्यापार की परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य की रणनीति तय की जायेगी। इसमें सभी राज्यों के व्यावसायिक संघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कैट बिहार चैप्टर के चेयरमैन कमल नोपानी, अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा एवं महासचिव डाॅ रमेश गांधी का कहना है कि जीएसटी को सरल करने की सरकार की स्पष्ट मंशा के बावजूद जीएसटी बेहद पेचिदा सिस्टम बन गया है। पोर्टल सही से काम नहीं कर रहा है। रिफंड विभाग के पास फंसा़ हुआ है।
कैट का मानना है कि विदेशी ई कॉमर्स कंपनियों के कारण व्यापारी परेशान हैं। एफडीआई पालिसी का उल्लंघन हो रहा है। फूड सेफ्टी अथॉरिटी उचित निर्णय नहीं ले रही है। व्यापारियों को कोई सुरक्षा नहीं है। ऐसी स्थितियों में कारोबार करना कठिन हो गया है। व्यापारियों के आग्रह पर मुद्रा योजना लागू की गई थी। वास्तव में योजना जिनके लिए थी, उन्हें कर्ज मिला ही नहीं। इस कारण मुद्रा योजना में एनपीए बढ़ता जा रहा है ।