पटना। कोरोना वायरस से निपटने में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना निधि से सभी एमएलए एवं एमएलसी न्यूनतम पचास लाख राशि अंशदान करेंगे। राशि स्वास्थ्य विभाग के कोरोना उन्मूलन कोष में दी जायेगी। प्रतिनिधि इससे अधिक राशि अंशदान करने की भी अनुशंसा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा बैठक में कहा कि स्वास्थ्य विभाग को कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए नोडल विभाग बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना उन्मूलन कोष से जरूरी इक्विपमेंट, दवा, मास्क एवं पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट की व्यवस्था करेगा। उन्होंने कहा कि जीविका समूह के माध्यम से मास्क का निर्माण हो रहा है। हाजीपुर और आरा में सैनिटाइजर बनाये जा रहे हैं। दस हजार टेस्टिंग किट उपलब्ध होने से जांच में सुविधा होगी।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि सभी जिलों में आपदा राहत केंद्र शुरू हो गया है। शीघ्र सभी अनुमंडल में भी राहत केंद्र शुरू हो जायेगा। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति, डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य, जल संसाधन एवं योजना व विकास मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, समेत कई विभागों के प्रधान सचिव व सचिव उपस्थित थे।