पटना। बिहार के उद्योगपतियों ने सरकार से लाॅकडाउन अवधि में बिजली पर लगने वाले फिक्स्ड एवं डिमांड चार्ज माफ करने की अपील की है। बिहार उद्योग संघ एवं चैंबर ऑफ काॅमर्स का कहना है कि वर्तमान परिस्थिति में दोनों शुल्क माफ करने से उद्योग को बड़ी राहत मिलेगी। कारोबार ठप होने से उद्योग जगत कई परेशानियों से गुजर रहा है।
साथ ही मार्च से मई माह तक बिजली बिल बिना किसी फाइन के 30 जून तक जमा करने की भी सुविधा देने का आग्रह किया गया है। इस प्रकार का प्रावधान कुछ राज्यों ने किया है। संघ का कहना है कि सरकार ने कुछ शर्तों के साथ 20 अप्रैल से उद्योगों को खोलने की अनुमति दी है। संचालन के लिए जो शर्त निर्धारित की गई हैं उनका व्यावहारिक अनुपालन उद्योगों के लिए बहुत कठिन है।