पटना। केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद से बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने कहा है कि देश के कारोबारियों को लाॅकडाउन अवधि में हुए नुकसान के लिए केंद्र सरकार की ओर से शीघ्र विशेष पैकेज जारी करना चाहिए। इससे उद्यमी एवं व्यवसायियों का मनोबल बढ़ेगा ।
अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से टेलिफोन पर हुई वार्ता में कहा कि लाॅकडाउन की वजह से सूबे के उद्यमी एवं व्यवसायियों की बड़ी पूंजी बाजार में फंसी हुई है। इस कारण कारोबारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। पूंजी उन्हें कब तक मिलेगी। यह अनुमान लगाना काफी कठिन है।
चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि लाॅकडाउन की अवधि में बिजली पर लिये जानेवाले फिक्सड -डिमांड चार्ज को माफ करना चाहिए। औद्योगिक इकाई एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान एक माह से अधिक से बंद हैं। बिना किसी फाइन के 30 जून तक बिजली बिल भुगतान की सुविधा मिलनी चाहिए। कुछ राज्यों ने इस तरह की सुविधा अपने राज्य के कारोबारियों को दी है।