पटना। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिक एवं कर्मचारियों के लिए पास जारी करने का अधिकार जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के जीएम को देने की मांग की है। संघ का कहना है कि राज्य के अन्य जिलों में कर्मी फंसे हुए हैं। इस कारण काम बाधित हो रहा है।
अध्यक्ष राम लाल खेतान ने कहा है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत पास जारी करने का अधिकार डीएम के पास है। जिले से आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण पास जारी होने में काफी समय लग रहा है।
हालांकि पटना डीएम कार्यालय के आदेश में कहा गया है कि निजी संस्थान के कर्मी का आई कार्ड घर से ऑफिस तक आवागमन के लिए पर्याप्त होगा। ऐसी ही व्यवस्था अन्य जिलों में भी होनी चाहिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी इस आदेश की जानकारी देने की आवश्यकता है। संघ ने उद्यमी-व्यवसायियों से भी अपील की है कि कोविड 19 के संक्रमण से बचाव के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।