नई दिल्ली। सुपर चक्रवाती तूफान अम्फान से निपटने के लिए प्रभावित राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के साथ कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने बैठक की। नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट कमिटी (एनसीएमसी) की बैठक में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि सुपर चक्रवाती तूफान 20 मई की दोपहर से शाम तक पश्चिम बंगाल के तट से टकरायेगा। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 185 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। तटीय जिलों में भारी बारिश होगी और समुद्र में 4-5 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी।
तूफान से पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर, दक्षिण एवं उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और कोलकाता जिलों के प्रभावित होने की आशंका है। ओडिशा के तटीय जिले जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, जाजपुर और बालासोर भी प्रभावित होंगे। अम्फान तूफान से नुकसान की आशंका पहले आये चक्रवाती तूफान बुलबुल से अधिक होने की उम्मीद है। बुलबुल तूफान 9 नवंबर, 2019 को पश्चिम बंगाल के तट से टकराया था।