नई दिल्ली। बिहार कैडर की आईएएस अधिकारी पलका साहनी ने बिहार भवन में स्थानिक आयुक्त (रेजिडेंट कमिश्नर) का कार्यभार संभाल लिया है। लॉकडाउन के दौरान बिहार के प्रवासी मजदूरों की समस्या के निपटारे के लिए उन्होंने बिहार भवन में विशेष स्थानिक आयुक्त के तौर पर कार्य किया है।
पलका साहनी बिहार के नालंदा, जहानाबाद एवं खगड़िया की डीएम के साथ दक्षिण बिहार बिजली वितरण विभाग की पहली एमडी भी रह चुकी हैं। उनके प्रयासों से राज्य में बिजली उपलब्धता में सुधार के साथ बिजली वितरण बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया। उन्होंने बिहार राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड का भी नेतृत्व किया है और आईटी कार्यक्रमों के निष्पादन में सफल क्रियान्वन किया।
पलका साहनी ने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के औद्योगिक नीति और संवर्धन विभाग में निदेशक के रूप में भी कार्य किया है। मेक इन इंडिया और इज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे भारत सरकार के प्रमुख उपक्रमों को भी संभाला है। उन्होंने एक ऐसी टीम का भी नेतृत्व किया है जिसने भारत को विश्व बैंक की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में शीर्ष 100 में दाखिल होने में अहम भूमिका निभाई थी।