नई दिल्ली । पंद्रहवें वित्त आयोग की सलाहकार परिषद ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण कर संग्रह प्रभावित हो सकता है। केंद्र एवं राज्य सरकारों को स्वास्थ्य एवं अन्य सहायता पर पर्याप्त राशि खर्च करनी होगी।
सलाहकार परिषद के सदस्यों ने बैठक में कहा कि कई विश्लेषक और थिंक-टैंक ने 2020-21 के लिए अपने जीडीपी विकास अनुमान को कम कर दिया है। पांच साल की अवधि के लिए राजकोषीय हस्तांतरण को तैयार करना आयोग के लिए बड़ी चुनौती होगी। सलाहकार परिषद आर्थिक और राजकोषीय मोर्चे पर आयोग के साथ उभरते संकेतों की बारीकी से निगरानी करेगा ताकि बेहतर मूल्यांकन किया जा सके।
पंद्रहवें वित्त आयोग ने 25 और 26 जून को अपनी सलाहकार परिषद के साथ वर्चुअल बैठक कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक आयोग के अध्यक्ष एन.के. सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डॉ कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यन, डॉ साजिद जेड चिनॉय, डॉ प्राची मिश्रा, नीलकंठ मिश्रा, डॉ ओंकार गोस्वामी, डॉ रथिन रॉय, डॉ शंकर आचार्य, डॉ प्रोनाब सेन, डॉ अरविंद विरमानी, डॉ डीके श्रीवास्तव, डॉ एम गोविंद राव और डॉ सुदीप्तो मुंडले शामिल हुए।