मुख्य समाचार

राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर राजकीय शोक    

पटना। मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं बिहार के पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर बिहार सरकार ने 21 जुलाई को राजकीय शोक घोषित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शोक संदेश में कहा है कि लालजी टंडन एक लोकप्रिय नेता, कुशल प्रशासक एवं प्रख्यात शिक्षाविद थे। 

बिहार के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने बिहार में उच्च शिक्षा के विकास कोे गति प्रदान की। लखनऊ के सांसद एवं विभिन्न विभागों के मंत्री रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। लालजी टंडन के साथ मेरा व्यक्तिगत संबंध था। मुख्यमंत्री ने लालजी टंडन के पुत्र आशुतोष टंडन एवं सुबोध टंडन से बात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही आत्मा की चिर शांति एवं परिजनों को दुःख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि लालजी टंडन के निधन से पार्टी के साथ भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। वे आजीवन पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे और संगठन को मजबूत करने में सदैव अपना सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने आत्मा की शांति एवं उनके शुभचिंतक और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। 
 


संबंधित खबरें