पटना। लाॅकडाउन अवधि 16 से 31 जुलाई के दौरान किसी कारण से अनुपस्थित रहने वाले नियमित सरकारी एवं संविदाकर्मियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने जुलाई माह का पूरा वेतन देने का निर्णय लिया है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि संविदा एवं आउटसोर्स के तहत काम करने वाले कर्मियों को लाॅकडाउन अवधि का उनकी नियुक्ति की शर्तों के अधीन वेतन भुगतान पहले की तरह किया जायेगा।
वैसे कर्मी जो प्रतिदिन लोकल ट्रेन से सचिवालय आते थे। उन्हें लाॅकडाउन अवधि में उपस्थिति से छूट दी गई है। इसके अलावा सरकारी कार्य और लाॅकडाउन की वजह से मुख्यालय से बाहर रहे कर्मियों को भी उपस्थित माना जायेगा।
बिना अवकाश स्वीकृत कराये और अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर रहने वाले कर्मियों को नियमानुसार अवकाश स्वीकृत कराने के बाद ही लाॅकडाउन अवधि का वेतन मिलेगा। निर्धारित मुख्यालय में प्रत्येक कार्यदिवस को उपस्थित नहीं रहने के बावजूद कर्मियों को वेतन का भुगतान किया जायेगा।