पटना। सियासत में सदाशयता पुस्तक का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग में विमोचन किया। विधानसभा सचिवालय से प्रकाशित किताब में विधानसभा के वर्तमान अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के विचार, महत्वपूर्ण विषयों पर उनके तीन दर्जन आलेख और उनकी जीवन यात्रा को एक सूत्र में पिरोया गया है।
पुस्तक की भाषा सरल है। राजनेता और कानून के विद्यार्थियों के लिए पुस्तक में छपे आलेख अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्र एवं जन कल्याणकारी कार्यों को सारगर्भित तरीके से रखा गया है।
सियासत में सदाशयता किताब में विधानसभा की महत्वपूर्ण गतिविधियां, राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत प्रक्षेत्र के छठे संकलन का सफल आयोजन, शराबबंदी कानून एवं जलवायु परिवर्तन पर विमर्श, विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली में सुधार एवं नियुक्ति की पारदर्शी प्रणाली बनाये जाने संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा की गई है। आलेखों का संकलन एवं संपादन वरिष्ठ पत्रकार अरविंद शर्मा ने किया है। प्रस्तावना वरिष्ठ पत्रकार विनोद बंधु ने तैयार किया है।