मुख्य समाचार

अटलजी की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने दी श्रद्धांजलि 

नई दिल्ली/पटना। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूसरी पुण्यतिथि पर राष्ट्र  ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने कहा कि आदरणीय अटल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमारे राष्ट्र की प्रगति की दिशा में उनकी असाधारण सेवा और प्रयासों को भारत हमेशा याद रखेगा।  

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयीजी ने उच्च राजनीतिक मूल्य एवं आदर्श की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर प्राप्त किया। अपने व्यक्तित्व की बदौलत उन्होंने राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। अपने जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी के साथ काम करने का मौका मिला और सदैव उनका स्नेह एवं मार्गदर्शन मिलता रहा।

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गंगा पर दीघा-सोनपुर एवं मुंगेर में रेल सह सड़क पुल, कोसी नदी पर मेगा ब्रिज, बाढ़ का एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन वाजपेयीजी की देन है। देश के स्तर पर किसान क्रेडिट कार्ड, इस्ट-वेस्ट काॅरिडोर, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना एवं सर्व शिक्षा अभियान उनकी ही देन है। 

कारगिल युद्ध में देश ने केवल जीत हासिल नहीं की बल्कि अटलजी जैसे प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में दुश्मनों से अपनी एक-एक इंच जमीन भी खाली कराई। अमेरिकी प्रतिबंध के बावजूद उन्होंने पोखरण में परीक्षण कर पूरी दुनिया को भारत के परमाणु शक्ति संपन्न होने का अहसास कराया। सच्चे अर्थों में वे ‘भारत रत्न’ थे।   


संबंधित खबरें