मुख्य समाचार

कठोर श्रम कानूनों से राहत देने का अनुरोध

पटना। राज्य के छोटे उद्यमी, व्यापारी एवं सेवाप्रदाताओं को कठोर श्रम कानूनों से राहत देने का अनुरोध बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सरकार से किया है। चैंबर ने कहा है कि कोरोना महामारी एवं बाढ़ की परिस्थिति में यदि राज्य के छोटे उद्यमी एवं व्यवसायियों को जटिल कानूनों से राहत नहीं दिया गया, तो उनके लिए उद्योग एवं व्यवसाय को अस्तित्व में रखना कठिन हो जायेगा। काफी लोग बेरोजगार हो जायेंगे। 

चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि छोटे उद्यमी एवं व्यवसायियों को ईएसआईसी एवं ईपीएफओ जैसे विभिन्न श्रम कानूनों से छूट मिलनी चाहिए। आयुष्मान योजना का विस्तार इस प्रकार से हो कि छोटे उद्यम के लिए ईएसआईसी एवं ईपीएफओ कानून की आवश्यकता नहीं रहे। साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिक एवं कर्मचारियों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल सके। 

25 से कम कर्मचारी या श्रमिक वाले व्यापार को ईएसआईसी से छूट मिलनी चाहिए। इससे छोटे उद्यमी एवं व्यवसायी अपने अस्तित्व की रक्षा करते हुए देश के आर्थिक विकास में अपना योगदान दे सकेंगे और अधिकाधिक रोजगार का सृजन हो सकेगा ।  

चैंबर ने इस सबंध में केंद्रीय एमएसएमई मंत्री, श्रम एवं रोजगार मंत्री और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, बिहार के डिप्टी सीएम, श्रम संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, उद्योग एवं श्रम संसाधन विभाग को पत्र लिखा है। 
 


संबंधित खबरें