पटना। महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर वाहनों का परिचालन 20 अगस्त से पूरी तरह बंद हो जायेगा। पथ निर्माण विभाग ने पूर्वी लेन के सुपर स्ट्रक्चर कार्य के कारण यह निर्देश जारी किया है। जिला प्रशासन ने निर्देश को प्रभावी तरीके से लागू करने की जिम्मेवारी जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पटना सिटी के एसडीओ को दी है।
20 अगस्त से महात्मा गांधी सेतु के नवनिर्मित पश्चिमी (अप स्ट्रीम) दोनों लेन पर छोटे एवं भारी वाहनों का परिचालन होगा। यह व्यवस्था टू वे होगी। इस तरह पटना से हाजीपुर की ओर एवं हाजीपुर से पटना दोनों तरफ वाहनों का परिचालन 24 घंटे जारी रहेगा। किसी भी परिस्थिति में ओवरलोडिंग नहीं होगी।
महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी (डाउन स्ट्रीम) दोनों लेन पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। किसी भी परिस्थिति में इस लेन पर किसी तरह के वाहन का परिचालन नहीं होगा। सेतु के पश्चिमी लेन के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि पुल के पूर्वी हिस्से का निर्माण डेढ़ साल में पूरा हो जायेगा।
उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु का पश्चिमी लेन (अप स्ट्रीम) 31 जुलाई, 2020 से शुरू हो गया है। 5575 मीटर लंबे पुल के पुराने कंक्रीट सुपर स्ट्रक्चर को तोड़कर स्टील निर्मित नया सुपर स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। पश्चिमी लेन के निर्माण में करीब तीन साल लगा।