मुख्य समाचार

29 नवंबर से पहले हो जायेगा बिहार विधानसभा चुनाव : आयोग

पटना/नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव 29 नवंबर, 2020 से पहले हो जायेगा। साथ ही बिहार से रिक्त वाल्मीकिनगर संसदीय सीट पर भी उपचुनाव कराया जायेगा। ज्ञात हो कि जदयू सांसद बैद्यनाथ प्रसाद महतो के निधन के कारण यह सीट 28 फरवरी, 2020 से रिक्त है।       

आयोग ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के साथ विभिन्न राज्यों में लंबित उपचुनावों की तारीख की घोषणा समय पर की जाएगी। वर्तमान बिहार विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इस संबंध में आज निर्वाचन आयोग की बैठक हुई। आयोग ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों को एक जगह से दूसरी जगह भेजने एवं लॉजिस्टिक सेवाओं को ध्यान में रखते हुए कई निर्णय लिये।

वर्तमान में देश में विधानसभा एवं संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की 65 सीटें रिक्त हैं। इनमें विभिन्न राज्य विधानसभाओं की 64 और बिहार की एक संसदीय सीट शामिल है। बैठक में आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य सचिव एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारियों से मिली रिपोर्ट और सुझावों की समीक्षा की। इसमें कुछ स्थानों पर मूसलधार बारिश और महामारी जैसी अन्य बाधाओं सहित कई कारणों को देखते हुए उपचुनावों को स्थगित करने की मांग की गई है।
 


संबंधित खबरें