मुख्य समाचार

राजकीय सम्मान के साथ होगा रघुवंश प्रसाद सिंह का अंतिम संस्कार  

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ रघुवंश प्रसाद सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। वैशाली जिला स्थित उनके पैतृक गांव पानापुर (महनार प्रखंड) में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में तैनात स्थानिक आयुक्त एवं अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परिजनों से संपर्क कर पार्थिव शरीर को पटना लाने की व्यवस्था करें। कोविड काल में लागू दिशा-निर्देश के तहत निर्धारित प्रोटोकाॅल के अनुरूप अंतिम संस्कार किया जायेगा। 

डाॅ रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र सत्य प्रकाश सिंह से टेलीफोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। सीएम ने निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वे एक प्रख्यात समाजवादी नेता थे। वे कर्पूरी ठाकुर के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे। उन्होंने पांच बार वैशाली से लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। वे जमीन से जुड़े राजनेता थे। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुःख पहुंचा है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने अपने शोक संदेश में कहा है कि बिहार एवं देश के लिए उनका निधन अपूरणीय क्षति है। वे जमीन से जुड़े नेता थे। गरीबों के हित की आजीवन राजनीति करते रहे। उन्होंने बिहार के सर्वांगीण विकास की चिंता  की। प्रखर नेता के रूप में वे जाने जाते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं दुख की घड़ी में उनके परिवार को साहस प्रदान करें। 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन बिहार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने सिद्धांत की राजनीति की। वे परिवारवाद, भ्रष्टाचार और मूल्यहीनता के विरुद्ध अपनों से लड़े और जीवन की आखिरी सांस तक योद्धा रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

कृषि मंत्री सह पशु और मत्स्य संसाधन मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने प्रख्यात समाजवादी, जनप्रिय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रघुवंश बाबू के निधन से बिहार ने एक महान सामाजिक और जमीन से जुड़ा लोकप्रिय नेता खो दिया है। रघुवंश बाबू लोकनायक जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर के सिद्धांतों पर चलते हुए आमजन के कल्याण के लिए सदैव कार्य करते रहे। 


संबंधित खबरें