मुख्य समाचार

रामविलास पासवान नहीं रहे, सीएम व डिप्टी सीएम ने व्यक्त की संवेदना 

पटना। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान (74) का निधन दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में गुरुवार की शाम हो गया। पांच दिन पहले उनकी हार्ट की सर्जरी हुई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। 

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि रामविलास पासवान भारतीय राजनीति के बड़े हस्ताक्षर थे। वे प्रखर वक्ता, लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक, मजबूत संगठनकर्ता और बेहद मिलनसार थे। वे पहली बार 1969 में बिहार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। 1977 में हाजीपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए। उनकी यह जीत वर्ल्ड रिकाॅर्ड में दर्ज हुई थी। 

मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान के साथ अपने आत्मीय संबंधों की चर्चा करते हुए कहा कि उनसे हमारा बेहद पुराना रिश्ता था। निधन से मुझे व्यक्तिगत तौर पर पर दुख पहुंचा है। उनका निधन  भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पासवान से उनका 30 वर्षों से अधिक का संपर्क रहा है। वे जिस भी विभाग के मंत्री रहे वहां अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने पूरे देश और बिहार के लिए काम किया। उनके योगदान को बिहार की जनता कभी भूल नहीं सकती है।

उन्होंने कहा कि वे एक ऐसे दलित नेता थे जो हमेशा समाज के सभी वर्गों से समन्वय और तालमेल बैठा कर अपनी राजनीति करते रहे। इसी वजह से दलित, पिछड़ों के साथ सवर्णों का भी उन्हें हमेशा साथ मिला। दुख की इस घड़ी में ईश्वर उनके सभी समर्थक एवं शुभचिंतकों को धैर्य प्रदान करें।


संबंधित खबरें