नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त मंत्रालय को बताया है कि कोविड महामारी के मद्देनजर निकट समय में बैंक शुल्क में वृद्धि का कोई प्रस्ताव नहीं है। जन धन एवं बुनियादी बचत बैंक जमा (बीएसबीडी) खातों पर भी कोई सेवा शुल्क लागू नहीं है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने बचत, चालू और ओवरड्राफ्ट खातों पर शुल्क तो नहीं बढ़ाया, लेकिन एक नवंबर, 2020 से प्रति माह मुफ्त नकद जमा और निकासी की संख्या में कुछ परिवर्तन किए थे। मुफ्त नकद जमा एवं निकासी की संख्या प्रति माह पांच से घटाकर तीन की गई थी। बाद में बैंक ऑफ बड़ौदा ने कोविड की स्थिति में इन परिवर्तनों को वापस लेने का निर्णय लिया।
हालांकि आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी बैंकों को उचित, पारदर्शी और भेदभावरहित तरीके से अपनी सेवाओं पर लागत के आधार पर शुल्क लगाने की अनुमति है।