मुख्य समाचार

आत्मनिर्भर भारत योजना -3 घोषणा का चैंबर ने किया स्वागत

पटना। बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने आत्मनिर्भर भारत योजना 3 की घोषणा का स्वागत किया है। चैंबर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने आत्मनिर्भर भारत 3 के तहत 12 नए राहत उपायों की घोषणा की है। 

आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना का लक्ष्य अधिक से अधिक कर्मचारी को पीएफ का फायदा देना है। इस योजना का विस्तार जून 2021 तक किया गया है। इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम को 31 मार्च 2021 तक बढ़ाया गया है। 

पीएलआई स्कीम के तहत 10 चैंपियन सेक्टर के लिए 1.46 लाख करोड़ का प्रोत्साहन पैकेज एवं पीएम आवास शहरी योजना के लिए 18000 करोड़ की अतिरिक्त राशि दी गयी है। इससे पुराने घरों का निर्माण पूरा एवं नये घरों का निर्माण हो सकेगा।

इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनियों को प्रदर्शन सुरक्षा राशि में राहत के तहत अब कांट्रेक्ट के लिए परफाॅर्मेंस सिक्योरिटी के रूप में 5.10 प्रतिशत के स्थान पर सिर्फ 3 प्रतिशत राशि रखनी होगी। यह राहत 31 दिसंबर 2021 तक दी गयी है। इसके तहत डेवलपर्स और घर खरीदारों को इनकम टैक्स में राहत दी गयी है। 

एनआईआईएफ में केंद्र सरकार डेट प्लेटफार्म में 6000 करोड़ रुपये इक्विटी के रूप में निवेश करेगी। फर्टिलाइजर सब्सिडी के तहत किसानों को खाद खरीदने के लिए सब्सिडी दी जाएगी। 

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत कोरोना काल में घर लौटे मजदूरों के रोजगार को बढ़ाया जाएगा। एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए एग्जिम बैंक को 3000 करोड़ की राशि दी जाएगी। उद्योग और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 10,200 करोड़ रुपये की घोषणा की गयी है। यह राशि कंस्ट्रक्शन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होगी। कोविड से जुड़े रिसर्च पर 900 करोड़ राशि खर्च होगी। 


संबंधित खबरें