हाजीपुर/पटना। पटना एवं वैशाली जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी सेतु पर जाम से निजात दिलाने के लिए स्थिति का जायजा लिया। हाजीपुर सर्किट हाउस में हुई बैठक में वाहनों के सुगम परिचालन एवं लोगों को जाम से निजात दिलाने पर चर्चा हुई। बैठक में पटना के डीएम कुमार रवि, एसएसपी उपेंद्र शर्मा, ट्रैफिक एसपी डी. अमरकेश एवं वैशाली की डीएम उदिता सिंह, एसपी समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
गांधी सेतु पर वाहनों के खराब होने से प्रायः जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके निदान के लिए हाजीपुर एवं पटना की ओर से एक-एक क्रेन एवं मैकेनिक की व्यवस्था रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही सेतु पर वाहनों का परिचालन सुगम रखने के लिए पुलिस बल को सक्रिय रहने एवं लगातार मॉनीटरिंग पर भी जोर दिया गया।
ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए पटना की ओर से छह जगहों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। धनुकी, पहाड़ी, गांधी सेतु मुहाना, टाॅल प्लाजा, जीरो माइल एवं मसौढ़ी मोड़ पर इनकी तैनाती होगी। वाॅच टावर निर्माण के लिए स्थल चिन्हित करने का निर्देश भी दिया गया।