पटना। राज्य सरकार ने चार जनवरी,2021 से सूबे के सभी स्कूल,कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की अनुमति दी है। स्कूलों में पहले चरण में नौवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं शुरू होंगी। इसी तरह कॉलेज फाइनल ईयर एवं कोचिंग संस्थान सीनियर छात्रों के लिए खुलेंगे।
क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद मुख्य सचिव दीपक कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण के 15 दिन बाद फिर समीक्षा होगी। उसके बाद नीचे की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को कोविड-19 महामारी से बचाव संबंधित सभी निर्देशों का पालन करना होगा। कक्षा में बच्चों की उपस्थिति आधी होगी यानी एक दिन आधे और दूसरे दिन आधे बच्चे आएंगे।
शिक्षण संस्थानों को सैनिटाइजेशन के साथ मास्क की व्यवस्था रखनी होगी। सरकारी स्कूल के बच्चों को दो मास्क मुफ्त मिलेगा। कोविड-19 महामारी की वजह से 14 मार्च 2020 से सूबे के सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं।