मुख्य समाचार

महिला उद्यमियों की समस्याओं के निदान में सहयोग करेगा बीआईए

पटना। महिलाओं में कौशल विकास के माध्यम से उद्यमिता विकास विषय पर उद्यमी बिहार-बढ़ चला बिहार पर कार्यशाला का आयोजन बीआईए परिसर में किया गया। आयोजन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) एवं सूर्य मोहिनी चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राम लाल खेतान ने कहा कि बीआईए राज्य के औद्योगिकरण के लिए सदैव प्रयासरत है। इस कार्यशाला के माध्यम से महिला उद्यमिता विकास से संबंधित जो भी व्यावहारिक विचार उभर कर सामने आते हैं। उसे सही दिशा देने में एसोसिएशन हर संभव प्रयास करेगा।

उपाध्यक्ष संजय भरतिया ने महिला उद्यमियों की समस्या एवं चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्यम लगाने अथवा चलाने में आ रही कठिनाई यदि बीआईए के समक्ष आता है, तो उसके निदान के लिए पूरा प्रयास किया जायेगा।

एसोसिएशन की महिला सशक्तीकरण सब कमिटी की अध्यक्ष संध्या सिन्हा ने बताया कि उद्यमी बिहार-बढ़ चला बिहार मुहिम सूर्य मोहिनी चेरिटेबल ट्रस्ट ने दो साल पहले उठाया था। बिहार के सभी जिलों में इस मुहिम को ले जाएंगे और महिलाओं को स्वरोजगार की ओर ले जाने का प्रयास किया जायेगा। 

हमारा हर जिले में पहला प्रयास यह होगा कि किस जिले में महिलाएं किस तरह के कारोबार को अपनाना चाहती हैं। उसके बाद उनकी सोच को वास्तविक रूप देने का प्रयास किया जायेगा। संध्या सिन्हा ने कहा कि अपनी मिट्टी से हम अगर अर्जन करने में सफल रहे, तो किसी भी परिवार से लोगों को पलायन नहीं करना पड़ेगा। हम अपनी मेहनत को अपने ही राज्य में निवेश करके बिहार को स्वर्णिंम बिहार बना सकेंगे। कार्यशाला में कई महिलाओं ने भाग लिया। उपाध्यक्ष तनुजा सिन्हा ने भी अपने विचारों को रखा। 
 


संबंधित खबरें