मुख्य समाचार

हर जिले में मेगा स्किल सेंटर शीघ्र खोलने का सीएम ने दिया निर्देश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर जिले में मेगा स्किल सेंटर शीघ्र खोलने का निर्देश दिया है। नए कौशल का प्रशिक्षण मिलने से युवाओं को रोजगार मिलने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं के लिए कई कार्यक्रम चलाए गए हैं। युवाओं की मदद के लिए स्वयं सहायता भत्ता योजना, कंप्यूटर, संवाद कौशल एवं व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण दिया गया है। बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण मिलने से उन्हें और बेहतर रोजगार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्रम संसाधन और विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। समीक्षा के दौरान आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय पार्ट-2 के तहत संबंधित विभागों से कार्यान्वित होने वाली योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

क्या है मेगा स्किल सेंटर : वैसे युवा जो आईटीआई एवं पाॅलीटेक्निक में नहीं पढ़ रहे हैं और नए कौशल का प्रशिक्षण पाना चाहते हैं। उनके लिए हर जिले में कम से कम एक मेगा स्किल सेंटर खोला जाएगा। यहाँ पर उपयोगी स्किल्स जैसे कपड़ों को तैयार करना, रेफ्रिजरेटर, एयर कंडिशनिंग, सोलर पैनल मेकेनिक, ब्यूटी एवं वेलनेस ट्रेनिंग, बुजुर्ग एवं मरीजों की देखभाल जैसे क्षेत्रों में छोटी अवधि का रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

सीएम ने पॉलीटेक्निक कॉलेजों में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बनाने, हर विभाग से संबद्ध नई तकनीक के कोर्स पढ़ाने एवं इंप्रुव्ड टेक्नोलॉजी को लेकर एक टीम बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के कई कार्य किए गए हैं। इनसे जुड़े कार्यों के मेंटेनेंस की भी ट्रेंनिंग करवाएं। कुशल युवा केंद्र एवं डीआरसीसी पर भी अन्य कार्यों की तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था करवाने के लिए आंकलन कराएं।

श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव मिहिर कुमार सिंह एवं विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने विभाग से जुड़ी योजनाओं के संबंध में विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री अशोक कुमार चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


संबंधित खबरें