पटना। मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्त प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी का पर्व लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाएगा। दोनों पर्वों का सांस्कृतिक महत्व भी है।
मकर संक्रांति के स्नान के बाद लोग चूड़ा, दही एवं तिल खाते और खिलाते हैं। इससे परस्पर प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। नई फसल के घर आने की खुशी में लोहड़ी पर्व मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग इन पर्वों को हर्षोल्लास, पारस्परिक स्नेह एवं सौहार्द के साथ मनाएं। इससे सामाजिक समरसता बढ़ेगी और खुशहाल, विकसित और गौरवपूर्ण बिहार का निर्माण होगा।