मुख्य समाचार

विधान परिषद उपचुनाव : शाहनवाज हुसैन एवं मुकेश सहनी ने किया नामांकन 

पटना। बिहार विधान परिषद की रिक्त दो सीटों के लिए एनडीए प्रत्याशी सैयद शाहनवाज हुसैन एवं मुकेश सहनी ने नामांकन किया। पटना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। 

नामांकन की अंतिम तिथि 18 जनवरी थी। दोनों प्रत्याशियों के अलावा अन्य कोई नामांकन नहीं होने के कारण उनकी जीत तय है। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के राज्यसभा एवं विनोद नारायण झा के बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित होने से दोनों सीटें रिक्त हुईं हैं। 

मुख्यमंत्री ने नामांकन के बाद कहा कि एनडीए गठबंधन के चारों घटक दल मिलजुल कर काम कर रहे हैं। सभी दल एकजुट होकर सरकार को सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार शीघ्र होगा। 

इस मौके पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, राज्य सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें