मुख्य समाचार

बिहार भवन की नई वेबसाइट का लोकार्पण

नई दिल्ली। बिहार सरकार की नीति एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के लिए नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में एक उन्नत वेबसाइट लांच किया गया। स्थानिक आयुक्त पलका साहनी ने वेबसाइट www.biharbhawan.gov.in का उद्घाटन किया। वेबसाइट में एक ही जगह सभी सूचनाएं उपलब्ध हैं। 

इसमें बिहार लोक सेवाओं का अधिकार शामिल है। इसकी मदद से बिहार के निवासी विभिन्न प्रकार की सेवाओं जैसे जाति, निवास एवं आय प्रमाणपत्र एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही वेबसाइट बिहार भवन और बिहार निवास में ठहरने वाले आगंतुकों के लिए ऑनलाइन कक्ष आरक्षण की सुविधा भी प्रदान करती है। इसके माध्यम से कला एवं संस्कृति, खेल और मनोरंजन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

स्थानिक आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि वेबसाइट से आम लोग बिहार सरकार की कल्याणकारी योजना, कैबिनेट निर्णय, कार्यक्रम, नीति एवं परिपत्र की अद्यतन जानकारी और अधिसूचना प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष की भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।

वेबसाइट पर आगंतुक बिहार पर्यटन स्थल की जानकारी, अंबापाली बिहार एम्पोरियम में उपलब्ध हथकरघा और हस्तशिल्पों की सूची, न्यूजलेटर और ई-पत्रिका भी प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल तंत्र की जनोपयोगिता और पारदर्शिता को सुदृढ़ करने में मदद करेगी।
 


संबंधित खबरें