नई दिल्ली/पटना। प्रसिद्ध भजन गायक नरेंद्र चंचल का निधन आज नई दिल्ली में हो गया। 80 वर्षीय नरेंद्र कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके गीत फिल्म अवतार के चलो बुलावा आया है और फिल्म बाॅबी के बेशक मंदिर मस्जिद तोड़ो काफी लोकप्रिय रहे। फिल्म फेयर अवार्ड से भी उन्हें सम्मानित किया गया।

भजन गायक के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकप्रिय भजन गायक नरेंद्र चंचल जी के निधन के समाचार से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने भजन गायन की दुनिया में अपनी ओजपूर्ण आवाज से विशिष्ट पहचान बनाई। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ है। ओम् शांति।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि नरेंद्रजी की लोकप्रियता भजन के साथ पार्श्वगायिकी में थी। माता के भजन से उन्हें विशेष पहचान मिली। वे अपनी खास आवाज के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से संगीत एवं कला के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने आत्मा की चिर शांति एंव परिजनों को दुःख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।