पटना। आद्री के सदस्य सचिव शैबाल गुप्ता के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि शैबाल गुप्ताजी से मेरा व्यक्तिगत संबंध था। उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूं। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।
सीएम ने कहा कि शैबाल गुप्ता ने बिहार ही नहीं देश और दुनिया की कई महत्वपूर्ण आर्थिक संस्थानों में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उन्होंने बिहार में वित्त आयोग के सदस्य के साथ कई संस्थाओं को अपने अनुभवों का लाभ पहुंचाया था। वे सेंटर फॉर इकॉनोमिक पॉलिसी एंड पब्लिक फाइनेंस के निदेशक भी थे।
बिहार के कई आर्थिक सुधारों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे आर्थिक एवं राजनीतिक मामलों के विषेषज्ञ के तौर पर भी जाने जाते थे। उनके निधन से आर्थिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।