मुख्य समाचार

सिनेमा हॉल का संचालन अब 100 प्रतिशत क्षमता के साथ 

नई दिल्ली। सिनेमा हॉल और थियेटर का संचालन एक फरवरी से 100 प्रतिशत क्षमता के साथ होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने प्रदर्शन के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करते हुए कहा कि सिनेमा हॉल अब पूरी क्षमता के साथ काम कर सकते हैं। संचालकों को स्वच्छता और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। दर्शक थियेटर के अंदर स्टाॅल से खाद्य-सामग्री खरीद सकते हैं। 

एसओपी में कहा गया है कि परिसर के अंदर कोविड संबंधित सभी सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए। इनमें फेस मास्क का उपयोग एवं एक-दूसरे से न्यूनतम छह फीट की दूरी बनाए रखना शामिल हैं। थूकना निषिद्ध होगा। आरोग्य सेतु ऐप का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

दर्शकों की थर्मल स्क्रीनिंग प्रवेश द्वार पर की जाएगी। बाहर निकलने के दौरान भीड़ से बचने के लिए कतारबद्ध तरीके से निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स में एक शो के खत्म होने तथा दूसरे शो के शुरू होने के बीच पर्याप्त अंतराल रखना होगा। 

एसओपी टिकट, खाद्य एवं पेय पदार्थ आदि के भुगतान के लिए डिजिटल लेनदेन के उपयोग को बढ़ावा देता है। पर्याप्त संख्या में बॉक्स ऑफिस काउंटर खोले जाने चाहिए। भीड़ से बचने के लिए अग्रिम बुकिंग की सुविधा होनी चाहिए। 
 


संबंधित खबरें