नई दिल्ली/पटना। परमाणु ऊर्जा विभाग ने बिहार के मुजफ्फरपुर में 100 बेड के अस्पताल की स्वीकृति दी है। राज्यसभा में आज एक प्रश्न के जवाब में केंद्रीय परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 198 करोड़ राशि खर्च होगी।
बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर स्थित श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज में 15 एकड़ जमीन परमाणु ऊर्जा विभाग एवं टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) को स्थानांतरित की है। इसके अलावा सीएसआर और दान में मिली राशि से एक 50 बेड का अस्पताल इस वर्ष पहली फरवरी से खुल गया है।
इस अस्पताल में टाटा मेमोरियल सेंटर के चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यहां ऑन्कोलॉजी ओपीडी, कीमोथेरेपी के लिए दिन में देखभाल, कैंसर शल्यचिकित्सा, प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजी, पैलिएटिव केयर एवं टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध हैै। टीएमसी ने बिहार सरकार के सहयोग से राज्य के 15 जिलों में कैंसर जागरूकता और जांच शिविर का भी आयोजन किया है।