पटना। कोविड-19 के बढ़ते मामले एवं होली का देखते हुए पटना प्रमंडल के आयुक्त ने कोविड-19 के प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की कोविड जांच कराने का निर्देश दिया है। यदि कोई यात्री कोविड जांच प्रमाण पत्र के साथ नहीं है, तो जांच शीघ्र कराएं।
पटना एयरपोर्ट के निरीक्षण में देखा गया कि दोपहर 12 बजे तक 150 पैसेंजर की जांच हो चुकी थी। आयुक्त ने प्रतिदिन न्यूनतम 400 लोगों की कोरोना जांच करने, जांच के लिए काउंटर बढ़ाने, जांच केंद्र के समीप महिला एवं सीनियर सिटीजन के बैठने की समुचित व्यवस्था का निर्देश दिया।

एयरपोर्ट प्रबंधन को परिसर में मास्क के अनिवार्य प्रयोग के लिए लगातार उद्घोषणा जारी रखने के लिए कहा गया। आयुक्त के साथ एयरपोर्ट निदेशक बीएच नेगी, नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, डीडीसी रिची पांडे, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सर्वनारायण यादव, सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी समेत एयरपोर्ट के कई अधिकारी मौजूद थे।