पटना। बिहार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमण से पटना के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। मुख्य सचिव के असामयिक निधन की सूचना कैबिनेट की बैठक के समय मिली। कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।
अरुण कुमार सिंह पश्चिम चंपारण जिला के रहने वाले थे। मुख्य सचिव के पद पर उन्होंने 28 फरवरी 2021 को योगदान दिया था। 31 अगस्त 2021 को वे इस पद से सेवानिवृत्त होने वाले थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि अरुण कुमार सिंह 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक एवं मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था। उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।