पटना। एईएस (एक्यूट इन्सेफ्लाइटिस सिंड्रोम) से प्रभावित जिलों में प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज की दुरुस्त व्यवस्था करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दें। उनके परिवारों को बताएं कि कोई भी बच्चा रात में भूखा नहीं सोए। इस बीमारी का कुछ भी लक्षण दिखें, तो शीघ्र अस्पताल ले जाएं ताकि समय पर इलाज हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष एईएस प्रभावित मुजफ्फरपुर के पांच प्रखंडों में सोशियो इकोनॉमिक सर्वे के आधार पर जो कार्य हुए थे, उसे एईएस प्रभावित सभी जिलों में लागू करें। लाभुकों का आवास एवं जीविकोपार्जन योजना का लाभ अवश्य दिलाएं। इसके लिए राशि की कमी नहीं होगी। जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) प्रभावित तीन जिलों कैमूर, खगड़िया एवं बेगूसराय में वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश मिला।